टोल टैक्स से बचने के एक खतरनाक प्रयास में एक तेज़ रफ्तार वाहन ने टोल प्लाज़ा पर काम कर रहे एक कर्मचारी को बेरहमी से रौंद दिया। यह दर्दनाक और सनसनीखेज घटना शनिवार देर रात 12:40 बजे बल्लारपुर-विसापूर मार्ग स्थित टोल नाके पर घटी।
Whatsapp Channel |
जख्मी टोल कर्मचारी की पहचान संजय अरुण वांढरे (27 वर्ष), निवासी गांधी वॉर्ड के रूप में हुई है। उन्हें गंभीर अवस्था में चंद्रपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती किया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार की रात एक टाटा एस वाहन (MH 34 BZ 8869) बल्लारपुर से चंद्रपुर की दिशा में माल लेकर जा रहा था। वाहन चालक ने जानबूझकर टोल से बचने के लिए “टोल फ्री लेन” से निकलने की कोशिश की।
जब संजय वांढरे और अन्य कर्मचारियों ने उसे रोकने का प्रयास किया, तो चालक ने रफ्तार बढ़ाकर सीधे संजय के ऊपर गाड़ी चढ़ा दी और मौके से फरार हो गया।
इस जानलेवा टक्कर में संजय गंभीर रूप से घायल हो गए। उनकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है। घटना के तुरंत बाद पुलिस को सूचित किया गया। बल्लारपुर पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है और आरोपी चालक की तलाश जारी है।
जांच और सवाल:
● क्या यह घटना सिर्फ टोल बचाने की थी, या इसके पीछे कोई और साजिश है?
● टोल प्लाज़ा की सुरक्षा व्यवस्था इतनी लचर क्यों है कि कोई भी वाहन चालक आसानी से टोल से बचकर निकल जाए?
● टोलकर्मियों की जान की सुरक्षा किसकी जिम्मेदारी है?
स्थानीय लोगों की प्रतिक्रिया:
स्थानीय नागरिकों और टोल कर्मचारियों में इस घटना को लेकर भारी रोष है। उनका कहना है कि ऐसे असामाजिक और हिंसक रवैये पर सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि भविष्य में कोई और टोल कर्मचारी ऐसी बेरहमी का शिकार न हो।
पुलिस की कार्यवाही:
पुलिस ने वाहन के नंबर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी वाहन चालक की तलाश तेज़ कर दी गई है। CCTV फुटेज की जांच की जा रही है।