सोशल मीडिया पर छत्रपति शंभाजी महाराज के खिलाफ अपमानजनक पोस्ट डालने के बाद चिमूर शहर में भयंकर तनाव पैदा हो गया। आरोपी अल्ताफ (सोनू) इमदाद शेख (21 वर्ष), निवासी नेताजी वार्ड, चिमूर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस घटना के विरोध में संभाजी ब्रिगेड और शिवप्रतिष्ठान के कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया, जिसके बाद हालात बेकाबू हो गए।
Whatsapp Channel |
कैसे भड़की हिंसा?
गुरुवार को इंस्टाग्राम पर महाराज के खिलाफ आपत्तिजनक पोस्ट वायरल होने लगी। यह खबर फैलते ही संभाजी ब्रिगेड और शिवप्रतिष्ठान के कार्यकर्ता आक्रोशित हो गए और रात करीब 10 बजे चिमूर पुलिस स्टेशन पहुंचकर आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
देखते ही देखते माहौल गरमाने लगा, और हजारों की संख्या में लोग संभाजी चौक पर एकत्रित हो गए। नारेबाजी के साथ ही प्रदर्शनकारियों ने आरोपी के चिकन दुकान पर हमला बोल दिया, दुकान में तोड़फोड़ की और आगजनी की। यही नहीं, टायर जलाकर सड़क जाम कर दिया गया और आसपास के कई अन्य दुकानों में भी तोड़फोड़ की गई।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
स्थिति बेकाबू होते देख चिमूर पुलिस ने तत्काल आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और सुरक्षा कारणों से उसे भिसी पुलिस स्टेशन भेजने का फैसला लिया। लेकिन, जैसे ही यह खबर फैली, भिसी पुलिस स्टेशन के बाहर भी भारी भीड़ जमा हो गई। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने आरोपी को रातों-रात फिर से चिमूर पुलिस स्टेशन शिफ्ट कर दिया।
घटना को लेकर चिमूर शहर में आधी रात से तनाव का माहौल बन गया। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने दंगा नियंत्रण बल (Riot Control Force) बुलाया और पुलिस अधीक्षक मुम्मका सुदर्शन व अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे।
स्थिति अब भी तनावपूर्ण, पुलिस अलर्ट पर
रातभर चली पुलिस कार्रवाई के बाद हालात नियंत्रण में तो हैं, लेकिन तनाव पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है। चिमूर शहर में अब भी भारी पुलिस बल तैनात है और प्रशासन पूरी सतर्कता बरत रहा है।
संभाजी ब्रिगेड के कार्यकर्ताओं का कहना है कि वे आरोपी पर सख्त से सख्त कार्रवाई चाहते हैं और ऐसी घटनाओं को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ IPC की सख्त धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है।
इस घटना के चलते चिमूर में हालात संवेदनशील बने हुए हैं। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील की है।