जिले की औद्योगिक नगरी घुग्घुस शहर के पुलिस इमारत के लिए आरक्षित सरकारी भूमि को भारतीय जनता पार्टी की ओर से अतिक्रमण कर वहां पालकमंत्री सुधीर मुनगंटीवार सेवा केंद्र खोला गया। इस सर्वे क्रमांक 17 की संपूर्ण 0.43 हेक्टेयर आर भूमि पर कब्जा जमाकर इसे हड़पने का प्रयास भाजपा के शहर अध्यक्ष विवेक बोढे की ओर से किये जाने का आरोप कांग्रेस ने लगाया है। विवेक बोढे अपनी पत्नी किरण बोढे को सामने करते हुए उनकी संस्था समृद्धि लोक कल्याणकारी संस्था के नाम पर उक्त भूमि को किराये पर लेने के लिए चंद्रपुर के तहसीलदार के पास आवेदन किया था। लेकिन जनता अपनी कोई आपत्तियां दर्ज न करा पाएं, इस दृष्टि से चंद्रपुर के तहसीलदार की ओर से घुग्घुस के मुख्याधिकारी को जो पत्र भेजा गया था, वह 2 सितंबर को प्राप्त हुआ। इस जाहिरनामा पत्र की अंतिम मियाद 30 अगस्त तय की गई थी। ऐसे में बैक डेट में कोई इंसान अपनी आपत्ति कैसे दर्ज करा सकता है। इसे भाजपा और चंद्रपुर तहसीलदार की मिलीभगत से किया गया एक षड़यंत्र बताते हुए स्थानीय कांग्रेस के पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी के नाम से एक शिकायत की है। इस शिकायत में भाजपा को जमीन दिलाने का षड़यंत्र करने वाले अधिकारी के खिलाफ गहन जांच कर उचित कार्रवाई करने की मांग की है।
Whatsapp Channel |
घुग्घुस शहर कांग्रेस कमिटी के शहर अध्यक्ष राजू रेड्डी की ओर से चंद्रपुर जिलाधिकारी के अलावा कांग्रेस की सांसद प्रतिभा धानोरकर, कांग्रेस के जिलाध्यक्ष एवं विधायक सुभाष धोटे तथा चंद्रपुर के तहसीलदार को अपनी शिकायत का पत्र भेजा गया है। इस पत्र में घुग्घुस कांग्रेस ने दावा किया है कि भाजपा के शहर अध्यक्ष विवेक बोढे अपने पत्नी के नाम पर चलाई जा रही संस्था को आगे करते हुए यहां वाचनालय का निर्माण करने के लिए सरकारी जमीन को किराये से मांगने का आवेदन किया था। इस आवेदन पर चंद्रपुर के तहसीलदार ने आपत्ति मंगवाने के लिए जाहिरनामा घोषित किया। परंतु अंतिम तिथि व मियाद बीत जाने के बाद इस जाहिरनामे को उजागर करने की नीति अपनाई गई। यह भाजपा को सीधे तौर पर प्रशासनीक लाभ पहुंचाने का एक षड़यंत्र होने का आरोप कांग्रेस ने लगाया है। इस मामले की तत्काल जांच कराने की मांग कांग्रेस ने की है। साथ ही तुकड़ोजी नंबर वार्ड क्रमांक 6 में सरकारी निधि से बनाये गये वाचनालय का लोकार्पण कर इसे विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है। सरकारी जमीन को हड़पने का यदि किसी राजनीतिक दल और अफसरों की मिलीभगत से प्रयास किया जाएगा तो कांग्रेस की ओर से आंदोलन करने और न्यायालय में याचिका दायर कर गैरकानूनी कृत्य के खिलाफ न्याय की लड़ाई लड़ने की बात कांग्रेस ने कही है।
Chandrapur Tehsil Office | Deadline दिया 30 अगस्त, जाहिरनामा पहुंच रहा 2 सितंबर को
मंगलवार, 3 सितंबर 2024 को इस प्रकरण को लेकर कांग्रेस के स्थानीय नेताओं ने कांग्रेस अध्यक्ष राजू रेड्डी के मार्गदर्शन में कामगार नेता सैय्यद अनवर व अन्य पदाधिकारियों के प्रतिनिधिमंडल ने नप के मुख्याधिकारी निलेश रांजनकर से भेंट की। उन्हें जब इस संदर्भ में पूछा गया तो उन्होंने इस बात को कबूल किया कि उन्हें यह जाहिरनामा 2 सितंबर को ही प्राप्त हुआ। इसे तत्काल सूचना फलक पर लगाया गया, इसमें उनका कोई दोष नहीं होने की जानकारी दी गई। इस मौके पर प्रतिनिधिमंडल में कांग्रेस नेता शामराव बोबडे, सुधाकर बांदूरकर, अलीम शेख, रोशन दंतलवार, आकाश चिलका, अजय उपाध्ये, शहजाद शेख, शेख शमिउद्दीन, सुनील पाटील, कुमार रुद्रारप, संदीप कांबले, शंहशाह शेख, अंकुश सपाटे, सूरज ठावरी, सन्नी कुम्मरवार, भीमराव कांबले व अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।