चंद्रपुर जिले की औद्योगिक नगरी घुग्घुस काफी मामलों में मशहूर है। यहां सीमेंट, लोह कारखाने व कोयला खानों के चलते शहर की न केवल आबादी तेजी से बढ़ी बल्कि औद्योगिक विकास भी हुआ। इन हालातों में घुग्घुस ग्राम पंचायत को गत 29 सालों के संघर्ष के बाद 31 दिसंबर 2020 को नगर परिषद घोषित किया गया था। नगर परिषद बनने के बाद पहली महिला CO (मुख्याधिकारी) अशिया जुही ने पदभार संभाला। इसके पश्चात भी दो-तीन अफसरों को CO पद की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। लेकिन यह शहर राजनीतिक गतिविधियों की दृष्टि से भी संवेदनशील है। इसलिए लगातार अफसरों पर दबाव डालकर उन्हें यहां से पदमुक्त करने की नौबत लायी गई। इस बीच ताजा जानकारी के अनुसार सरकार ने घुग्घुस नप के लिए स्थायी CO के रूप में नीलेश रंजनकर को नियुक्त करने का फैसला लिया है। उनकी यह पहली ही पोस्टिंग होगी।
ज्ञात हो कि घुग्घुस नप बनने के बाद पहली महिला CO (मुख्याधिकारी) अशिया जुही ने जिम्मेदारी संभालते ही अपने 10 महीने के कार्यकाल में अनेक विकासात्मक कार्यों को अंजाम दिया। शहर की सुंदरता के लिए दीवार चित्रकला प्रतियोगिता, दिव्यांग निधि, कर्मचारियों का समावेश, पोस्टर प्रतियोगिता, स्वच्छ भारत मिशन कार्यक्रम, साइकिल रैली, स्वास्थ्य शिविर, दलित बस्ती योजना और 14 वें वित्त आयोग जैसे अनेक डेवलपमेंट कार्य किये। कहा जाता है कि यहां के भाजपा के नेताओं ने उन पर जिले के बड़े नेताओं के माध्यम से आये दिन दबाव डालना शुरू कर दिया। नेताओं द्वारा उनकी इच्छा के अनुसार कार्य करने के लिए लगातार उन पर दबाव बढ़ता ही चला गया। आखिरकार वह परेशान हो गई और उन्होंने अपना तबादला मांगकर यहां से चली गई।
घुग्घुस नप CO अशिया जुही के यहां से चले जाने के बाद उनका चार्ज नये एडिशनल CO के रूप में सूर्यकांत पिदुरकर को दिया गया। बताया जाता है कि उनके पदभार संभालने के बाद उन्हें भी सत्ताधारियों ने काफी परेशान करना शुरू किया। यहां तक कि उन्हें राजनीतिक दबाब के चलते शहर के अमराई वार्ड में भूस्खलन मामले में पीड़ितों को अवकाश के दिन धनराशि का वितरण करने के लिए बाध्य किया गया। जब उन्होंने सत्ताधारियों के दबाव को टालना चाहा तो उन्हें शोकाॅस नोटिस थमाया गया और वे महज 3 महीने के कार्यकाल के बाद यहां से चले गये।
एडिशनल CO सूर्यकांत पिदुरकर के तबादले के बाद घुग्घुस नप मुखिया अफसर की कुर्सी खाली देख, चंद्रपुर के तहसीलदार नीलेश गौड़ को यहां की जिम्मेदारी सौंपी गई। उन्होंने पदभार संभाला। इसके पश्चात नायब तहसीलदार जितेंद्र गदेवार को जिला प्रशासन ने अतिरिक्त जिम्मेदारी के रूप में घुग्घुस नगर परिषद का कार्य सौंपा। इस बीच कांग्रेस द्वारा नये CO की मांग को लेकर अनेक बार जिला प्रशासन व संबंधित अधिकारियों को ज्ञापन सौंपे गये। इसके लिए बाकायदा आंदोलन भी किये गए। आखिरकार घुग्घुस नगर परिषद को तीसरे CO के रूप में नीलेश रंजनकर की नियुक्ति किये जाने की जानकारी मिली है। वे शीघ्र ही यहां का पदभार संभालेंगे। लेकिन घुग्घुस के राजनीतिक दलों के नेताओं की ओर से उन्हें कितना परेशान किया जाएगा, यह चर्चा फिर एक बार गरमा रही है।
