अतिक्रमण और अव्यवस्थित यातायात बना घातक, चौक बना हादसों का हॉटस्पॉट
बुधवार रात 9.30 बजे हुआ दर्दनाक हादसा, दोनों के पैर चकनाचूर, घायलों को नागपुर रेफर किया गया
बुधवार की रात घुग्घुस शहर का भीड़भाड़ वाला शिवाजी चौक एक बार फिर खून से लाल हो गया। रात करीब 9.30 बजे, चंद्रपुर की ओर जा रहे ट्रक क्रमांक TG-29 T 2969 ने पीछे से जोरदार टक्कर मारते हुए मोटरसाइकिल पर सवार दो WCL कर्मियों को कुचल डाला। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों के पैर चकनाचूर हो गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई।
घायलों की पहचान संजय पाल (WCL मुंगोली खदान) और उद्धाव मोरे (WCL कोलगांव खदान) के रूप में हुई है। दोनों कैलास नगर वेकोलि कॉलोनी के निवासी बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत उन्हें निजी अस्पताल पहुँचाया, लेकिन गंभीर हालत को देखते हुए दोनों को नागपुर के मैक्स अस्पताल में रेफर करना पड़ा। सूत्रों के अनुसार, दोनों की हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है।
अतिक्रमण और अव्यवस्था: हादसों की जड़
यह चौक शहर का मुख्य जंक्शन है, जहाँ से रोजाना चंद्रपुर, यवतमाल और वणी की ओर जाने वाले सैकड़ों भारी वाहन गुजरते हैं। चौक के आसपास बस स्टैंड और लगातार लगने वाली वाहनों की कतार ने इसे हादसों का हॉटस्पॉट बना दिया है।
पिछले वर्ष हुए सड़क हादसों को देखते हुए तत्कालीन नगरपरिषद ने अतिक्रमण हटाने की औपचारिक कार्रवाई की थी, लेकिन राजनीतिक दबाव में अतिक्रमणकारियों को पुनः बसा दिया गया। नतीजतन, चौक पर दिन-रात जाम और अफरा-तफरी का माहौल बना रहता है। यातायात नियमों का पालन न होने से हादसों की संभावना हर वक्त मंडराती रहती है।
स्थानीय नागरिकों में गुस्सा और सवाल
इस दर्दनाक हादसे के बाद स्थानीय नागरिकों में रोष है। लोगों का कहना है कि यदि प्रशासन ने समय रहते चौक का अतिक्रमण मुक्त कर सही यातायात व्यवस्था लागू की होती, तो इस तरह की घटनाओं को टाला जा सकता था।
भविष्य की चेतावनी
यदि प्रशासन ने इस बार भी सबक नहीं लिया और यातायात नियमों का सख्ती से पालन नहीं कराया, तो शिवाजी चौक में होने वाली यह दुर्घटना भविष्य में और भी बड़े हादसों का संकेत दे रही है।
#GhugusAccident #WCLWorkers #ShivjiChowk #ChandrapurNews #TruckAccident #CriticalCondition #RoadMishap #BreakingNews
