महाराष्ट्र में हाल ही में अपराध की घटनाओं में तेजी आई है, जिससे पूरे राज्य में हड़कंप मच गया है। कोलकाता में एक महिला डॉक्टर के साथ बलात्कार कर उसकी नृशंस हत्या की घटना के बाद, महाराष्ट्र में भी अपराधियों ने अपने कुकृत्यों की हदें पार कर दी हैं। बदलापुर के आदर्श विद्यालय में चार और छह साल की दो मासूम बच्चियों के साथ वहां के सफाई कर्मचारियों ने बलात्कार किया। इसके बाद कोल्हापुर में एक 10 वर्षीय बच्ची के साथ बलात्कार कर उसकी हत्या कर दी गई, जबकि अमरावती में एक 14 वर्षीय बच्ची के साथ स्कूल के शिक्षक द्वारा बलात्कार करने का घृणित मामला सामने आया।
Whatsapp Channel |
इन घटनाओं के बाद, महाराष्ट्र महिला कांग्रेस ने सरकार और पुलिस प्रशासन के खिलाफ अपना गुस्सा जताते हुए शिवछत्रपती शिवाजी महाराज चौक पर विरोध प्रदर्शन किया। महिला कांग्रेस ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री और गृहमंत्री इन घटनाओं को रोकने में पूरी तरह से असफल हो चुके हैं और वे केवल सत्ता की राजनीति में व्यस्त हैं।
प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष संध्याताई सव्वालाखे, सांसद प्रतिभाताई धानोरकर, जिल्हाध्यक्ष नम्रता ठेमस्कर, शहर अध्यक्ष राजुरेड्डी और अन्य प्रमुख नेताओं के मार्गदर्शन में महिलाओं ने काले फिते बांधकर महाराष्ट्र सरकार के खिलाफ नारे लगाए और आरोपी को सार्वजनिक फांसी देने की मांग की। साथ ही, उन्होंने गृहमंत्री देवेंद्र फडणवीस से इस्तीफे की भी मांग की।
प्रदर्शन के दौरान, महिलाओं ने पुलिस स्टेशन पहुंचकर पुलिस निरीक्षक शाम सोनटक्के को अपना ज्ञापन सौंपा और राज्य में बढ़ते बलात्कार और अपराध पर सरकार की निष्क्रियता की निंदा की।
इस अवसर पर काँग्रेस नेते सैय्यद अनवर, अलीम शेख, अनिरुद्ध आवळे, जिल्हा सचिव अजय उपाध्ये, सोशल मीडिया अध्यक्ष रोशन दंतलवार, मोसीम शेख, इंटक जिल्हा उपाध्यक्ष शहजाद शेख, शेख शमिउद्दीन, सुनील पाटील, शहशाह शेख, प्रकाश वर्मा, अंकुश सपाटे, सरस्वती पाटील, संध्या मंडल, पूनम कांबळे, प्रीती तामगाडगे, निलीमा वाघमारे, शौर्य वंदना संस्थे की अध्यक्ष आरती कैथल, संगीता बावस्कर, अश्विनी धुर्वे, नंदा आत्राम, पूजा वर्मा और कई अन्य महिला कांग्रेस कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित थे।