चंद्रपुर के शाही दरबार होटल में हाजी शेख की गोली मारकर हत्या, पुलिस ने अब तक 6 आरोपियों को किया गिरफ्तार।
चंद्रपुर शहर के बिनबागेट इलाके के शाही दरबार होटल में सोमवार 12 अगस्त के शाम लगभग चार बजे हाजी सरवर शेख की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने इस मामले में छह संदिग्ध आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार किए गए पांच आरोपियों में समीर शेख, श्रीकांत कदम (दिग्रस), निलेश उर्फ पिंटू (नागपुर), प्रशांत मलवेणी, और राजेश मूलकलवार (नकोडा) शामिल हैं। वहीं, छठे आरोपी को नागपुर से गिरफ्तार किया गया है, जिसका नाम सुरेंद्र यादव हैं। स्थानीय अपराध शाखा ने आरोपियों से 3 बंदूकें, 1 देसी कट्टा और 2 चाकू भी बरामद किया है।
Whatsapp Channel |
घटना के दिन, मुख्य आरोपी समीर शेख और उसके साथियों ने हाजी सरवर शेख की रेकी की और उसके बाद पांच साथियों की मदद से शाही दरबार होटल में घुसकर हाजी शेख की गोली मारकर हत्या कर दी।
बताया जा रहा है कि हाजी शेख सोमवार को अपने दोस्तों के साथ चंद्रपुर शहर के बिनबा गेट इलाके के शाही दरबार होटल में बिरयानी खाने गया था। उसी समय, कुछ हमलावरों ने होटल में घुसकर उस पर गोलियां चला दीं। हाजी शेख को दो गोलियां लगीं, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल हालत में भी हमलावरों ने उस पर धारदार चाकू से हमला किया, जिसके चलते उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना में हाजी शेख के साथ आए दो साथियों में एक साथि के पैरों में भी गोली लगी, जिससे वे घायल हो गए।
घटना के बाद आरोपी होटल से फरार हो गए। रामनगर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का मुआयना किया और शहर में नाकेबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू की। इस दौरान स्थानीय अपराध शाखा के सामने पांच संदिग्ध आरोपियों ने सोमवार को आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने उनके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद, एक और आरोपी को मंगलवार को नागपुर से गिरफ्तार किया गया। हत्या के लिए इस्तेमाल की गई चार बंदूकें और चाकू बरामद कर लिए गए हैं।
सूत्रों के अनुसार समीर शेख, जो मूल रूप से यवतमाल जिले के दिग्रस का निवासी है, हाजी सरवर शेख का मित्र था। दोनों की पहली मुलाकात 2009 में हुई थी, जिसके बाद वे कोयला खदान क्षेत्र में अपराध और फिर अवैध धंधों में लिप्त हो गए। दोनों ने कई बार साथ में जेल गए। बताया जाता हैं कि समीर ने एक मुस्लिम युवती से शादी करने के लिए इस्लाम धर्म स्वीकार किया था और उसके बाद उसका नाम समीर सरवर शेख हो गया। मृतक हाजी ने उसे अपने पिता का नाम और उपनाम दिया था।
हत्या के इस मामले में पुलिस ने कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिन्हें मंगलवार को अदालत में पेश किया गया। अदालत ने उन्हें मंगलवार से शनिवार 17 अगस्त तक 5 दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है।