चंद्रपुर जिले के हर गांव, हर शहर में बीते पखवाड़े भर में असंख्य आंदोलन महिला अत्याचार के विरोध में हुए। आज सुबह, बुधवार, 4 सितंबर 2024 को जिले के बल्लारपुर के 2 इलाकों से दो चौंकाने वाली वारदातों ने जनता में सनसनी फैला दी। एक मामले में एक वहशी दरिंदे ने एक मानसिक दिव्यांग महिला को अपनी हवस का शिकार बनाया। तो दूसरे मामले में एक नाबालिग युवती का 4 आरोपियों द्वारा अपहरण कर उसके साथ सामूहिक बलात्कार करने की बात उजागर हुई। पुलिस को दिये बयान के बाद पुलिस की जांच चल ही रही थी इस इस नाबालिग पीड़िता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस जांच के पश्चात ही अब सच सामने आ पाएगा।
Whatsapp Channel |
चंद्रपुर जिले में बीते अनेक दिनों से महिला अत्याचार की वारदातें थमने का नाम ही नहीं ले रही है। नागभीड़, ब्रम्हपुरी, सिंदेवाही, बल्लारपुर, वरोरा, दुर्गापुर, चंद्रपुर से अनेक अत्याचार व दुष्कर्म की खबरों से जिला वासी सहमे हुए है। ऐसे में अब एक ताजा मामले ने रोंगटे खड़े कर दिये। इस बार खबर आ रही है बल्लारपुर से। यहां दुष्कर्म की 2 वारदातों से शहर में सनसनी फैल गई है। एक मामले में मानसिक रूप से दिव्यांग महिला को हवस का शिकार बनाया गया। दूसरे एक मामले में युवती के साथ सामूहिक बलात्कार करने की जानकारी मिल रही है।
महिला अपराधों और चंद्रपुर जिले पर गौर किया जाएं तो ज्ञात होता है कि सामूहिक दुष्कर्म, महिलाओं के यौन शोषण, अत्याचार व छेड़छाड़ की वारदातों से अखबार पटे पड़े हैं। नागभीड़ के बस स्टैंड परिसर में एक मनोरोगी महिला का 5 दरिदों द्वारा सामूहिक बलात्कार करने की वारदात की स्याही सूखी भी नहीं थी कि चंद्रपुर के दुर्गापुर पुलिस थाने में महज 3000 रुपयों के लिए एक नाबालिग युवती का यौन शोषण कर उसे गर्भवति करने का मामला उजागर हुआ था। चंद्रपुर के एक शिक्षक द्वारा छात्रा का शोषण कर 5 माह तक फरार होने का मामला प्रकाश में आया तो पुलिस ने आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया। उधर, ब्रम्हपुरी के एक खेल शिक्षक ने छात्रा का यौन शोषण किया तो पीड़िता के पिता ने आरोपी शिक्षक की पिटाई कर दी। वहीं नागभीड़ तहसील से फिर एक बार चौंकाने वाली खबर ने सभी को सुन्न कर दिया। यहां 8 वर्षीय बच्ची को 52 वर्षीय व्यक्ति ने छेड़छाड़ की। इसके बाद बल्लारपुर से एक खबर ने भी सभी को परेशान कर दिया। यहां के एक रेलवे अधिकारी ने एसटी बस में सफर करने वाली छात्रा से छेड़छाड़ करने के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर दिया। वहीं वरोरा के एक शिक्षक ने अपने बर्थ-डे पर एक नाबालिग छात्रा से गले लगने जैसी अश्लिल गिफ्ट की डिमांड कर दी। इस मामले में वरोरा के 2 शिक्षकों पर POCSO के तहत पुलिस ने अपराध दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया। इसके बाद सिंदेवाही की एक 23 वर्षीय युवती को नौकरी का झांसा देकर अत्याचार करने का मामला उजागर हुआ।
इन तमाम निंदनीय खबरों के बाद मन को विचलित करने वाली एक और खबर अब आयी है बल्लारपुर से। यहां एक नहीं, बल्कि 2 वारदातें उजागर हुई है। एक मामले में एक 35 वर्षीय मानसिक रूप से दिव्यांग महिला को 55 वर्षीय आरोपी ने अपने हवस का शिकार बनाया है। इस मामले में आरोपी चंदू बालू भुक्या नामक 55 वर्षीय व्यक्ति को गिरफ्तार किये जाने की जानकारी है। वहीं दूसरी वारदात ने तो पुलिस प्रशासन की नींद ही उड़ा दी। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार एक 17 वर्षीय नाबालिग लड़की को ऑटो में बिठाकर चार आरोपी ले गए और उसके साथ बलात्कार किया। इसके पश्चात उसे वहीं लाकर छोड़ दिया, जहां से उसे उठा ले गये थे। दूसरे मामले के आरोपियों की तलाश पुलिस कर ही रही थी कि एक और चौंकाने वाली बात निकलकर सामने आयी है। पुलिस को बयान देने के बाद जब पुलिस अपनी जांच में जुटी रही और इस मामले में 2 आरोपियों को हिरासत में लिया गया। इस बीच ही पीड़िता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बल्लारपुर के थानेदार सुनील गाडे के मार्गदर्शन में पूरा पुलिस महकमा इस गंभीर मामले की तह तक जाने में जुटा हुआ है। वहीं महिला अत्याचारों की वारदातों से बल्लारपुर समेत जिले की जनता की भावनाएं उबल रही है।
बताया जाता है कि सामूहिक दुष्कर्म पीड़ित नाबालिग लड़की की मौत ने पूरे बल्लारपुर शहर को झकझोर कर रख दिया है। रेप के बाद शारीरिक और मानसिक तनाव के कारण लड़की गंभीर रूप से घायल थी। वह शायद यह तनाव झेल नहीं पायी और फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उसकी मौत से पूरे बल्लारपुर में शोक की लहर है। स्थानीय नागरिकों और पीड़ित परिवार ने आरोपियों को कड़ी सजा देने की मांग की है। वहीं पुलिस इस प्रकरण के असली कारणों का पता लगाने के लिए एडी चोटी का जोर लगाते हुए जांच कर रही है।