Factionalism Peaks in Ghugus BJP After Shakti Utsav, ‘One Man Army’ Dominance Challenged!
राज्य के विधानसभा चुनाव के बाद जिले की औद्योगिक नगरी घुग्घुस शहर में भाजपा की आंतरिक राजनीति में एक दिलचस्प मोड़ आया है। लंबे समय तक एक सशक्त नेतृत्व के तहत काम करने वाली भाजपा अब स्पष्ट रूप से दो खेमों में बंटती नजर आ रही है। इस गुटबाजी के पीछे कई कारक जिम्मेदार हैं, जिनमें नई नेतृत्व व्यवस्था, शक्ति संतुलन में बदलाव, और आगामी नगरपरिषद चुनावों की रणनीतियां शामिल हैं।
Whatsapp Channel |
घुग्घुस भाजपा की पुरानी व्यवस्था: ‘वन मैन आर्मी’ का दौर
चुनाव से पहले घुग्घुस भाजपा में ‘वन मैन आर्मी’ जैसा माहौल था, जहां पूर्व मंत्री विधायक सुधीर मुनगंटीवार के कट्टर समर्थक देवराव भोंगले और जिले के महामंत्री विवेक बोडे मिलकर संगठन को नियंत्रित करते थे। वे हर छोटे-बड़े कार्यक्रमों का नेतृत्व करते थे और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच प्रभावशाली माने जाते थे। हालांकि, देवराव भोंगले के राजुरा से विधायक चुने जाने के बाद, विवेक बोडे संगठनात्मक रूप से अकेले पड़ गए। इससे संगठन में नए शक्ति केंद्र उभरने लगे, जिससे पार्टी में असंतोष बढ़ा और गुटबाजी की स्थिति पैदा हो गई।
विधायक किशोर जोरगेवार का प्रवेश: शक्ति संतुलन में बदलाव
जब विधायक किशोर जोरगेवार भाजपा में शामिल हुए और दोबारा चंद्रपुर विधानसभा से विधायक बने, तब घुग्घुस भाजपा में शक्ति संतुलन पूरी तरह बदल गया। पहले, पूर्व मंत्री मुनगंटीवार के सेवाकेंद्र को भाजपा कार्यकर्ताओं का मुख्यालय माना जाता था, लेकिन अब विधायक जोरगेवार के सेन्हा प्रभा स्थित कार्यालय को अधिक कार्यकर्ताओं का समर्थन मिलने लगा। इस बदलाव के चलते भाजपा कार्यकर्ताओं के एक बड़े समूह ने जोरगेवार के नेतृत्व को अपनाना शुरू कर दिया, जबकि मुनगंटीवार समर्थक कार्यकर्ता अलग-थलग पड़ गए। यह स्पष्ट रूप से पार्टी में आंतरिक दरार के संकेत दिखाई दे रहा है
दो बड़े सांस्कृतिक आयोजनों में गुटबाजी की झलक
1 फरवरी: विधायक किशोर जोरगेवार ने नारी शक्ति सांस्कृतिक उत्सव आयोजित किया, जिसमें सैराट फेम रिंकू राजगुरु शामिल हुईं। इस कार्यक्रम में विवेक बोडे और शहर के अधिकांश भाजपा पदाधिकारी मौजूद थे।
15 फरवरी: पूर्व मंत्री विधायक सुधीर मुनगंटीवार द्वारा क्रीड़ा व सांस्कृतिक महिला महोत्सव आयोजित किया गया, जिसमें बॉलीवुड अभिनेत्री रवीना टंडन आईं। इस आयोजन में मुनगंटीवार अपनी पत्नी के साथ मौजूद थे, साथ ही विधायक देवराव भोंगले और महामंत्री जिले के महामंत्री विवेक बोडे उनके समर्थक भी शामिल थे, लेकिन विधायक जोरगेवार नदारद थे।
इन दो आयोजनों ने साफ कर दिया कि भाजपा के कार्यकर्ता अब दो स्पष्ट धड़ों में बंट चुके हैं, और पार्टी के भीतर सत्ता संघर्ष तेज हो गया है।
महाशिवरात्रि के कार्यक्रम और होर्डिंग विवाद: भाजपा की दरार उजागर
महाशिवरात्रि के अवसर पर शहर के बैराम बाबा देवस्थान में भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा आयोजित कार्यक्रम में गुटबाजी एक बार फिर सामने आई। इस कार्यक्रम के लिए शहर के विभिन्न मार्गों पर भाजपा नेताओं के होर्डिंग लगाए गए, लेकिन कुछएक पोस्टरों में महामंत्री विवेक बोडे का फोटो था, जबकि बाकी में वे पूरी तरह गायब थे। यह घटना दिखाती है कि अब पार्टी में गुटों के बीच समन्वय की कमी है और आपसी प्रतिस्पर्धा बढ़ गई है।
नगरपरिषद चुनाव: टिकट बंटवारे पर बढ़ेगी गुटबाजी
आगामी नगरपरिषद चुनावों को लेकर भाजपा के विभिन्न गुटों में पहले से ही प्रभाव बढ़ाने की होड़ लगी हुई है। राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष हंसराज अहीर के समर्थक संजय तिवारी और राजकुमार गोडशलवार, संतोष नूने की टीम सक्रिय हो गई है और विधायक किशोर जोरगेवार से मिलकर शहर की विभिन्न समस्याओं पर चर्चा कर एक झुट दिखाई दे रहा है वहीं, विधायक देवराव भोंगले और महामंत्री विवेक बोडे उनके समर्थकों की टीम अलग रणनीति पर काम कर रही है, जिससे भाजपा में अंदरूनी खींचतान और स्पष्ट हो रही है। भाजपा में यह गुटबाजी चुनावों से पहले टिकट बंटवारे को लेकर और तेज हो सकती है, जिससे पार्टी के अंदर असंतोष और गहरा सकता है।
संभावित राजनीतिक परिणाम और भविष्य की रणनीति
भाजपा की यह आंतरिक कलह स्थानीय राजनीति में बड़े बदलावों का संकेत दे रही है। यदि पार्टी जल्द ही इस गुटबाजी को हल नहीं कर पाई, तो नगरपरिषद चुनावों में भाजपा को नुकसान हो सकता है। घुग्घुस भाजपा में गुटबाजी अब एक स्पष्ट राजनीतिक सच्चाई बन चुकी है। जहां पहले संगठन पर सिर्फ मुनगंटीवार समर्थकों का दबदबा था, वहीं अब जोरगेवार गुट भी अपनी पकड़ मजबूत कर चुका है।
नगरपरिषद चुनाव नजदीक हैं, और यदि भाजपा अपने आंतरिक मतभेद नहीं सुलझाती, तो यह पार्टी के लिए एक राजनीतिक संकट बन सकता है। भाजपा के शीर्ष नेतृत्व को जल्द से जल्द हस्तक्षेप कर संतुलन बनाना होगा, अन्यथा घुग्घुस में पार्टी को चुनावी नुकसान झेलना पड़ सकता है।