40 वर्ष बीत गये लेकिन ईसाई बंधुओं की बरसों पुरानी मांग पर न तो प्रशासन ने ध्यान दिया और न ही किसी जनप्रतिनिधि ने। मृत्यु के बाद 2 गज जमीन भी नसीब नहीं हो पा रही है। यह व्यथा ईसाई बंधुओं के लिए अब रोष का कारण बनती जा रही है। कब्रिस्तान के लिए जमीन का सूझाव दिया गया। परंतु प्रशासन ने प्रस्ताव मंजूर नहीं किया। अब उस जमीन पर अतिक्रमण होने लगा है। इसके बावजूद ईसाई समाज बंधुओं की मांग को दरकिनार किया जा रहा है। इस मुद्दे को लेकर अब ईसाई समाज बंधुओं की ओर से दफन पेटी लेकर मोर्चा निकाला जाएगा। 7 अक्टूबर को होने वाले इस मोर्चे के लिए समाज के लोगों ने पत्रकार परिषद लेकर सरकार व प्रशासन का ध्यानाकर्षण किया है।
Whatsapp Channel |
पिछले 40 वर्षों से मूल शहर के ईसाई समाज को कब्रिस्तान के लिए जमीन नहीं मिली। इससे समाज में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। प्रशासन बार-बार टालमटोल के जवाब दे रहा है। और इस संवेदनशील मुद्दे पर सरकार का भी ध्यान नहीं है। इसके विरोध में मूल के सेंट स्टीफन चर्च के सचिव डॉ. अझिम ने पत्रकार सम्मेलन में घोषणा की कि 7 अक्टूबर को समाज कफन पेटी मोर्चा निकालकर प्रशासन से जवाब मांगेगा।
दफन के लिए 30 किमी का सफर
ईसाई समाज के सचिव डॉ. अझिम ने बताया कि, जब समाज के किसी सदस्य का निधन होता है, तो दफन के लिए मूल में कोई जगह नहीं है। इस कारण उन्हें 30 किलोमीटर दूर चंद्रपुर जाना पड़ता है। सभी के लिए इस यात्रा का खर्च वहन करना आसान नहीं है। वर्ष 1986 से ईसाई समाज कब्रिस्तान के लिए जगह की मांग कर रहा है। 1989, 2021 और 2024 में नगर पालिका प्रशासन को पत्र भेजे गए, लेकिन प्रशासन और राजस्व विभाग ने हमेशा इस मांग की अनदेखी की।
7 अक्टूबर को तहसील कार्यालय पर मोर्चा
डॉ. अझिम ने बताया कि बार-बार की अनदेखी और प्रशासनिक उदासीनता के कारण अब ईसाई समाज ने 7 अक्टूबर को तहसील कार्यालय तक कफन पेटी मोर्चा निकालने का निर्णय लिया है। यह मोर्चा सेंट स्टीफन चर्च से शुरू होकर तहसील कार्यालय तक जाएगा। इस पत्रकार सम्मेलन में अडवोकेट अश्विन पालीकर, फादर ऑन्टोनी परीच्छा, नंदकिशोर कावले, हरीदास मेश्राम, अशोक टिंगसुले और ईसाई समाज के अन्य सदस्य उपस्थित थे।
प्रशासन कर रहा है अन्याय
एड. अश्विन पालीकर ने कहा कि प्रशासन और सरकार ईसाई समाज के साथ अन्याय कर रहे हैं। 40 वर्षों से कब्रिस्तान के लिए जमीन की मांग हो रही है, लेकिन इसे हमेशा नजरअंदाज किया गया है। उमा नदी के पास सर्वे नंबर 282 की जमीन ईसाई समाज के लिए उपयुक्त है, लेकिन उस जमीन पर एक व्यक्ति ने अवैध कब्जा कर रखा है। नगरपालिका और उपविभागीय अधिकारी को इस बारे में पत्र भी भेजे गए हैं। यहां तक कि जिले के पालकमंत्री सुधीर मुनगंटीवार को भी इस समस्या से अवगत कराया गया था, और उन्होंने इस मामले में सहमति भी दी थी, लेकिन इसके बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो सका।
प्रशासन के खिलाफ होगा आक्रामक विरोध
ईसाई समाज के प्रतिनिधियों ने यह स्पष्ट किया कि यदि प्रशासन ने 7 अक्टूबर को होने वाले कफन पेटी मोर्चा के बाद भी कोई समाधान नहीं निकाला, तो समाज एक आक्रामक आंदोलन की दिशा में कदम उठाएगा। एड. पालीकर ने कहा कि, जब हमारे समाज के सदस्य का निधन होता है, तो हम उसे कहां दफन करेंगे? इसका जवाब प्रशासन को देना होगा।