ताडोबा-अंधारी टाइगर रिजर्व रामदेगी क्षेत्र में जंगल का राजा कहे जाने वाले प्रसिद्ध बाघ ‘छोटा मटका’ पिछले 3 महीनों से घायल होकर मौत से जूझ रहा है। ज्ञात हो बुद्ध पूर्णिमा की रात (12 मई 2025 ) को अपने इलाके और मादा बाघिन ‘नयनतारा’ पर अधिकार को लेकर हुए खूनी संघर्ष में उसने एक घुसपैठिए बाघ ‘ब्रह्मा’ को मौत के घाट उतार दिया। हालांकि, इस संघर्ष में छोटा मटका खुद भी बुरी तरह जख्मी हो गया है।
‘छोटा मटका’ – जिसने ताडोबा को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाई और VIP पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र रहा – पिछले तीन महीनों से गंभीर रूप से घायल होकर जीवन और मृत्यु के बीच संघर्ष कर रहा है।
चंद्रपुर Tadoba Andhari Tiger Reserve (TATR), (बफर क्षेत्र) अंतर्गत खडसंगी वनपरिक्षेत्र के कंपार्टमेंट नंबर 51 से बुधवार, 27 अगस्त को एक गंभीर रूप से घायल बाघ टी-126, जिसे जंगल में “छोटा मटका” या “सीएम” नाम से भी जाना जाता है, को सफलतापूर्वक पकड़ा गया। वन विभाग की शीघ्र कार्रवाई दल (RRT) ने इस रेस्क्यू अभियान को पूरी सावधानी के साथ अंजाम दिया ताकि बाघ को न्यूनतम चोट पहुँचे। रेस्क्यू के बाद घायल बाघ को आवश्यक प्राथमिक उपचार देते हुए ट्रांज़िट ट्रीटमेंट सेंटर (TTC), चंद्रपुर में स्थानांतरित किया गया है, जहाँ उसकी निरंतर चिकित्सकीय देखभाल की जा रही है।
खूनी संघर्ष की पृष्ठभूमि
यह मामला 12 मई 2025 का है, जब निमढेला नियतक्षेत्र (कक्ष क्र. 63, उमरीखोरा परिक्षेत्र, ताडोबा बफर क्षेत्र) में बाघ टी-126 (छोटा मटका) और (ब्रम्हा) टी-158 के बीच भीषण संघर्ष हुआ था। इस भिड़ंत में बाघ टी-158 की मौत हो गई, जबकि टी-126 गंभीर रूप से घायल हो गया था।
इस घटना के बाद राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण (NTCA) की मानक कार्यपद्धति और गठित तकनीकी समिति की सिफारिशों के अनुसार, प्रधान मुख्य वनसंरक्षक (वन्यजीव) एवं मुख्य वन्यजीव रक्षक, महाराष्ट्र ने आदेश जारी किए कि घायल बाघ को जेरबंद कर चंद्रपुर के टीटीसी केंद्र में उपचार हेतु रखा जाए।
सफल रेस्क्यू ऑपरेशन
पूरे रेस्क्यू अभियान का नेतृत्व वनसंरक्षक एवं क्षेत्र संचालक प्रभू नाथ शुक्ल और उपसंचालक (बफर) आनंद रेड्डी ने किया। अभियान की प्रत्यक्ष देखरेख सहायक वनसंरक्षक अनिरुद्ध ढगे ने की। वन विभाग ने बताया कि यह कार्रवाई मानव-वन्यजीव संघर्ष की संभावनाओं को कम करने तथा अनुचित मनुष्यहानी रोकने के उद्देश्य से की गई है।
अब यह घायल बाघ ‘छोटा मटका’ टी-126, चंद्रपुर के ट्रांज़िट ट्रीटमेंट सेंटर में स्वास्थ्य लाभ कर रहा है, जहाँ विशेषज्ञ चिकित्सक उसकी स्थिति पर बारीकी से नजर रखे हुए हैं।
#TadobaTiger #ChhotaMatka #TigerRescue #ChandrapurTTC #WildlifeConservation #SaveTigers #Tadoba #TigerNews #IndianWildlife #BigCats
