रत्नापूर गांव में भारी बारिश के कारण घर की दीवार गिरने से रसीका मसराम का हुआ दुखद निधन; गांव में शोक की लहर
सिंदेवाही तालुका के रत्नापूर गांव में रहने वाली 52 वर्षीय रसीका देवराम मसराम की दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा तब हुआ जब वह सुबह उठकर अपने आंगन में झाड़ू लगा रही थीं। अचानक उनके घर के बगल में स्थित धुरपता वासुदेव मडावी के मकान की दीवार गिर गई, जिससे रसीका मसराम की मौके पर ही मृत्यु हो गई।
Whatsapp Channel |
इस वर्ष रत्नापूर और उसके आसपास के क्षेत्र में भारी बारिश हुई है, जिससे कई मकानों की दीवारें गिर गई हैं। हालांकि, इस घटना में दूसरे की दीवार गिरने से रसीका मसराम की मौत हुई। यह दुखद घटना 1 सितंबर की सुबह 6 बजे के करीब हुई। रसीका मसराम अपने परिवार का भरण-पोषण करने के लिए मजदूरी करती थीं, और उनका अचानक निधन उनके परिवार के लिए एक बड़ा आघात है।
इस घटना के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। घटनास्थल पर पुलिस, तलाठी, और पुलिस पाटिल ने पहुंचकर पंचनामा किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इसके बाद, रत्नापूर के श्मशानभूमि में उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया। रसीका मसराम अपने पीछे दो बेटियों, एक बेटे और नातियों का बड़ा परिवार छोड़ गई हैं।