चंद्रपुर शहर के एक बार एंड रेस्टोरेंट में मामूली विवाद के चलते हुई मारपीट में पुलिस सिपाही दिलीप चव्हाण की निर्मम हत्या ने शहर की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। इस घटना से पुलिस प्रशासन की कार्यशैली कटघरे में आ गई है, जिस पर अब सत्ताधारी दल के विधायक किशोर जोरगेवार ने कड़ा रुख अपनाया है।
Whatsapp Channel |
बार में विवाद के दौरान सिपाही पर हमला, मौत से मचा हड़कंप
7 मार्च की रात करीब 9:30 से 10 बजे के बीच चंद्रपुर के पठाणपुरा रोड स्थित ‘पिंक पैराडाइज’ बार एंड रेस्टोरेंट में बिल के भुगतान को लेकर झगड़ा हुआ। जब पुलिस सिपाही दिलीप चव्हाण मामले को सुलझाने पहुंचे, तो गुस्साए आरोपियों ने उन पर ही जानलेवा हमला कर दिया। इस हिंसक हमले में चव्हाण की मौत हो गई, जबकि उनके साथी सिपाही समीर चाफले गंभीर रूप से घायल हो गए। इस घटना के बाद पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
चंद्रपुर में बेलगाम अपराध! आम जनता के बाद अब पुलिस भी असुरक्षित
बीते कुछ वर्षों में चंद्रपुर अपराध की दुनिया में शीर्ष स्थान की ओर बढ़ रहा है। चोरी, लूट, हत्या और गैंगवार जैसी वारदातों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। लेकिन अब तो पुलिसकर्मी भी सुरक्षित नहीं रह गए हैं। इस घटना से शहर में दहशत का माहौल बन गया है और आम नागरिकों के मन में सवाल उठ रहे हैं कि जब पुलिस ही सुरक्षित नहीं, तो जनता की रक्षा कौन करेगा?
अवैध धंधों की जड़ में पुलिस की मिलीभगत और राजनीतिक संरक्षण?
कोरोना काल के बाद से शहर में अवैध गतिविधियां बढ़ी हैं। इसे रोकने में पुलिस प्रशासन पूरी तरह विफल साबित हुआ है। कई पुलिसकर्मी अधिकारियों को अंधेरे में रखकर अवैध वसूली में लिप्त बताए जा रहे हैं। वहीं, इन काले धंधों को स्थानीय राजनेताओं का भी संरक्षण प्राप्त है। राजनीतिक दबाव के चलते पुलिस की निष्क्रियता बढ़ रही है और अपराधियों के हौसले बुलंद हो रहे हैं।
विधायक जोरगेवार का बड़ा हमला, SP को हटाने की मांग
बीजेपी विधायक किशोर जोरगेवार ने इस सनसनीखेज घटना को महाराष्ट्र विधानसभा में उठाया और मुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री देवेंद्र फडणवीस से चंद्रपुर पुलिस प्रशासन में त्वरित बदलाव की मांग की। उनका इशारा सीधे जिला पुलिस अधीक्षक सुदर्शन मुमक्का की कार्यशैली पर था। जोरगेवार का कहना है कि अगर पुलिस महकमे में सुधार नहीं हुआ, तो शहर में अपराध की बाढ़ आ सकती है।
अब देखना होगा कि मुख्यमंत्री फडणवीस इस पर क्या फैसला लेते हैं और क्या चंद्रपुर पुलिस प्रशासन में कोई बड़ा फेरबदल होता है या नहीं।